डब्ल्यूसीएसएफ चैरिटीस्पिरिट फाउंडेशन द्वारा चतरा ज़िले के टंडवा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में महावारी स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का विस्तृत आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों को महावारी से संबंधित सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना, स्वच्छता के महत्व को समझाना तथा महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के सफल संचालन में बबीता देवी, रेखा देवी, गीता देवी, यशोदा देवी, संगीता कुमारी एवं सीमा देवी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन सभी ने स्थानीय स्तर पर महिलाओं को एकत्रित कर स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर संवाद स्थापित करने और उन्हें जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे कार्यक्रम प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।
जागरूकता सत्रों के दौरान महावारी के समय व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित साधनों के उपयोग, संक्रमण से बचाव, संतुलित पोषण के महत्व तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही महिलाओं को गर्भाशय, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर रोगों के लक्षण, प्रारंभिक संकेत, समय पर जांच कराने की आवश्यकता तथा उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं को यह समझाया गया कि प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान होने पर उपचार अधिक प्रभावी होता है और जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
यह कार्यक्रम संस्था की निदेशक उमा देवी वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला स्वास्थ्य समाज के समग्र विकास की आधारशिला है और महावारी स्वच्छता पर खुलकर संवाद करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से संस्था झारखंड के चतरा, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी तथा रांची जिलों में व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चला रही है। इस अभियान के माध्यम से अब तक लगभग चार लाख से अधिक महिलाओं को जोड़ा जा चुका है और उन्हें महावारी स्वच्छता, स्तन कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन के लिए प्रेरित किया गया है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की, स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे तथा अपने अनुभव साझा किए। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है और महिलाएँ अपने अधिकारों, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग बन रही हैं।
संस्था द्वारा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और महिला सशक्तिकरण को और अधिक मजबूती मिल सके।
सत्ता की खोज, दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित 22/02/2026